December 12, 2025

संवाददाता

कानपुर।  बिधनू थाना परिसर के बाहर अचानक हाईवे किनारे खड़े वाहनों में आग लग गई। थाना के सामने तालाब किनारे खड़े दो ट्रकों में आग लग गई, वहाँ पड़े कूड़े के ढेर से आग फैल गई। इस हादसे में दो ट्रक और एक डीसीएम पूरी तरह जल गए।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घाटमपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और बिधनू पुलिस ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग की वजह से हाईवे पर दोनों तरफ करीब आधे घंटे तक यातायात रोकना पड़ा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे में किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बिधनू पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।