May 20, 2026

संवाददाता
कानपुर।  घाटमपुर क्षेत्र के रामसारी गांव के पास एक सड़क हादसे में शाम को टहलने निकली महिलाओं को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार रामसारी निवासी राजकुमारी उर्फ संगीता पत्नी राजेश सिंह, साधना सिंह पत्नी भूपेंद्र सिंह, उनकी बेटी दीक्षा और राजेश्वरी पत्नी कल्लू सिंह के साथ रोजाना की तरह देर शाम टहलने निकली थीं। सभी महिलाएं भीतरगांव रोड स्थित छांजा मोड़ के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमारी उर्फ संगीता गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। वहीं अन्य तीन महिलाएं भी हादसे में घायल हो गईं। घटना के बाद चालक ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार ऑटो चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News