June 20, 2025

संवाददाता
औरैया। बिधूना तहसील के थाना सहार क्षेत्र के रामनगर बंबा में बुधवार को एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान नंदपुर निवासी हरगोविंद उर्फ पुताई के रूप में हुई है। वह 2 जून से लापता था। 

हरगोविंद की शादी 2023 में बेला क्षेत्र के गांव झबरा निवासी प्रिया देवी से हुई थी। प्रिया ने अक्टूबर 2024 में पारिवारिक सहमति से उससे रिश्ता तोड़ दिया था। वह अपना सामान लेकर मायके चली गई थी। बीती 25 मई को प्रिया की दूसरी शादी हो गई। इस घटना से हरगोविंद मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। 2 जून को सुबह 9 बजे हरगोविंद बिना कुछ बताए घर से निकल गया था।
देर शाम तक वापस घर न पहुंचने पर परिजनों ने 3 जून को थाना सहायल में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार 4 जून की सुबह 11 बजे स्थानीय लोगों ने बंबा में एक शव को तैरता देखा। जिसकी जानकारी पुलिस को दी। 

थाना प्रभारी पंकज मिश्रा और एसआई देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
पहचान के लिए शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई। परिजनों ने शव की पहचान हरगोविंद के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।