• सदमे में ताऊ की हार्टअटैक से मौत।

संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर में पुरानी रंजिश में दबंगो ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। कैंसर पीड़ित मां को देखने हैदराबाद से आए युवक को पार्क में बुलाकर दबंगों ने पहले शराब पिलाई, फिर मारपीट करके गोली मार दी। भतीजे को गोली मारे जाने के बाद सदमे में ताऊ को हार्टअटैक आया और उनकी मौत हो गई।
आवास विकास-3 निवासी रविंद्र सिंह पुलिस विभाग से दरोगा पद से रिटायर हैं। परिवार में पत्नी और दो बेटे संदीप सिंह और प्रदीप सिंह हैं। प्रदीप हैदराबाद में निजी कंपनी में काम करता है। प्रदीप मंगलवार को हैदराबाद से मां को देखने घर आया था।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया- घटना की सूचना गुरुवार को पुलिस को दी गई। अब मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई है। घायल और नामजद आरोपी पिछले 15-16 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
परिजनों के अनुसार गजानन पार्क के पास कुछ युवकों ने फोन करके प्रदीप को बुलाया। आरोप है कि वहां उसे शराब पिलाई गई और फिर किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले प्रदीप के साथ बेल्ट और घूंसों से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पहली गोली चूक गई, लेकिन दूसरी गोली उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल प्रदीप को उसके दोस्तों ने निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसे रीजेंसी रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, जैसे ही घटना की सूचना मिली, सभी अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान ताऊ रामजी सिंह को खून से लथपथ प्रदीप की हालत देखकर हार्ट अटैक आ गया और इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
भाई संदीप सिंह ने बताया कि एक ही दिन में दो बड़ी घटनाओं ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में दबंगों का आतंक है और अब परिवार घर छोड़ने को मजबूर हो गया है।
परिजनों का आरोप है कि होली के दौरान आरोपियों और प्रदीप के दोस्तों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें उसने गवाही दी थी। तभी से आरोपी उससे रंजिश मान रहे थे और उसी का बदला लिया गया।
परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर दीपांकर उपाध्याय, रोहित सिंह उर्फ बाबू ठाकुर और गोकुल शुक्ला समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि घायल युवक से पूछताछ में कई नाम सामने आए हैं। पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।





