• कमिश्नर से करेंगे शिकायत।

संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में 150 फीट रोड पर हुए एक हादसे में बुजुर्ग दंपति की मौत के बाद यह मामला अब राजनीतिक रंग ले रहा है। रविवार दोपहर कैंट विधानसभा से सपा विधायक हसन रूमी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान विधायक रूमी ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों, अधूरे निर्माण कार्य और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सड़क पर खड़े ट्रक चालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि लापरवाही और अव्यवस्था के कारण दो निर्दोष लोगों की जान चली गई।
विधायक हसन रूमी ने घटना की जानकारी लेने और पुलिस कार्रवाई जानने के लिए कैंट एसीपी के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसीपी ने उनका फोन नहीं उठाया। विधायक ने बताया कि उन्होंने करीब 45 मिनट तक कॉल बैक का इंतजार किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाए जा रहे हैं, तो आम जनता की शिकायतों का क्या होगा। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से करने की बात कही।
विधायक ने नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि जटेटा कंपनी द्वारा वीटेक कंपनी से कराया जा रहा यह कार्य तय समयसीमा के बाद भी पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने याद दिलाया कि तीन महीने पहले भी बीकेडी चौराहे पर अधूरे काम और अव्यवस्था को लेकर विरोध दर्ज कराया गया था। उस समय कंपनी अधिकारियों ने एक माह में काम पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।






