
संवाददाता
कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा में पहली बार अभ्यर्थियों से पहले प्राचार्य, शिक्षक और स्टाफ की चेकिंग की जाएगी।
सभी को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बाद परीक्षा केंद्रों में जाना होगा। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए 54 इंस्पेक्टर, 100 एसआई, दो कंपनी पीएसी, आरएएफ और 10 क्यूआरटी समेत 1600 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में तैयारियों की समीक्षा करके अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद से प्रतियोगी परीक्षा को लेकर सरकार सख्त है। होमगार्ड भर्ती परीक्षा में बीएनएसडी कॉलेज में नकल कराने की कोशिश का प्रकरण सामने आने के बाद अब पुलिस भर्ती परीक्षा में कमिश्नरेट पुलिस कोई भी हीलाहवाली के मूड में नहीं है। सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 8, 9 और दस जून को होना है। इसे लेकर रागेंद्र स्वरूप ऑडीटोरियम में पुलिस कमिश्नर ने समीक्षा निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के साथ ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, संकल्प शर्मा, सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और इंस्पेक्टर रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में मौजूद रहे।
पुलिस कमिश्नर ने तैयारियों का रिहर्सल करने के निर्देश दिए। किन बिंदुओं पर सुरक्षा बरतनी है और कैसे नकल रोकना है इस पर विस्तार से बताया। हर संदिग्ध पर नजर रखने के लिए एलआईयू को भी तैनात किया गया है। एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार ने बताया कि शहर में 54 केंद्र बनाए गए हैं। एक पाली में 19440 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 3 दिनों में छह पालियों में कुल 1,16,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसे लेकर रेलवे, बस अड्डा समेत अन्य चौराहों पर यातायात चाक चौबंद रखने के भी निर्देश दिए गए है ।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर तीन से पांच बजे तक होगी परीक्षा। जिसके लिए सुबह 8 से साढ़े 9:30 बजे और दोपहर एक से ढाई बजे तक अभ्यर्थीयों को प्रवेश मिलेगा ।
परीक्षा केंद्रों के बाहर 100 मीटर तक कोई भी दुकान नहीं लगेंगी।
केवल प्राचार्य, केंद्र प्रभारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कार्यदायी संस्था का स्टाफ ही परीक्षा केंद्र में मोबाइल ले जा सकेगें ।
रेलवे स्टेशन, झकरकटी बस अड्डे के पास अनुभवी पुलिसकर्मियों को लगाया गया है ।






