
संवाददाता
कानपुर। कोरिया और चीन से आयातित 600 से 1800 रुपए प्रति मीटर के आयातित कपड़े सहित अभी नया आया करीब 2.5 लाख रुपए का माल नकाब की दुकान में हुए भीषण अग्निकांड में पूरी तरह जल गया।
जाजमऊ इलाके में गुरुवार सुबह एक नकाब की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि उनकी दुकान केडीए के मदीना मस्जिद तिराहे के पास स्थित है। बुधवार देर रात तक काम करने के बाद वे दुकान बंद करके घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान से धुआं निकल रहा था। जैसे ही शटर खोलकर अंदर जाने की कोशिश की, तो आग भड़क गई। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
यूसुफ के मुताबिक, दुकान में रखा कोरिया और चीन से आयातित कपड़ा पूरी तरह जल गया। इस कपड़े की कीमत 600 से 1800 रुपये प्रति मीटर तक थी। हाल ही में लाया गया करीब 2.5 लाख रुपए का नया माल भी आग की भेंट चढ़ गया।
घटनास्थल के पास मौजूद दुकानदार आमिर और सालिम ने बताया कि आग की लपटें देखकर उन्होंने तुरंत पानी डालना शुरू कर दिया था। उनकी तत्परता से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। आग की चपेट में आने से तीन बिजली के केबल भी जल गए, जिससे आसपास के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों को बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।






