• परिजनों का पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप।

संवाददाता
कानपुर। आइसक्रीम का ठेला खड़ा करके घर लौट रहे साइकिल सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे के बाद राहगीरों ने ट्रक का पीछा किया, जिस पर चालक कूद कर फरार हो गया।
मौके पर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने घर भेज दिया। सुबह थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है ।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मृतका की पत्नी चीख–चीख कर बोली कि थानेवाले बिक गए, रात में पुलिसवाले पैर छूकर बोल रहे थे कि सुबह सुनवाई होगी, सुबह थाने पहुंचे तो ट्रक का मालिक थानेदार के साथ बैठा हुआ था। पुलिस ट्रक मालिक से मिल गई, अटैची भरकर नोट दिए गए, हमने अपनी आंखों से देखा है… महिला ने बिलखते हुए पल्लू फैला कर कहा कि मुझे इंसाफ दिला दो, 24 नवंबर को बेटी की शादी है… पूरा परिवार उजड़ गया।
उन्नाव, प्रेम नगर पोनी रोड निवासी राजू सिंह घंटाघर स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करते थे। परिवार में पत्नी कुंती, बेटा हिमांशु व तीन बेटियां कामिनी, रितिका और अन्नू है। बेटे हिमांशु ने बताया कि उसके पिता रोजाना कि तरह घर से निकले थे। रात में पिता आइसक्रीम का ठेला फैक्ट्री में खड़ा करने के बाद साइकिल से घर के लिए निकले थे।
वह सुतरखाना चौकी के पास पहुंचे ही थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे साइकिल दूर जा गिरी और वह अनियंत्रित होकर ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। सिर के ऊपर से पहिया गुजरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। परिजन मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए, जिस पर पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उनसे सुबह आने को कहा।
मृतक की पत्नी कुंती का आरोप है कि जब वह बच्चों के साथ थाने पहुंची, तो थाना प्रभारी ललित कुमार ट्रक मालिक के साथ कमरे में बैठे थे। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उनसे अभद्रता की और थाने से बाहर निकाल दिया।
मृतक की पत्नी ने पुलिसकर्मियों पर सांठ–गांठ करने का आरोप लगाया है ।
थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर फतेहपुर, ग्राम मऊ निवासी ट्रक ड्राइवर हीरालाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है। पीड़िता के आरोप निराधार है।






