
संवाददाता
कानपुर। तेज धूप और लू जैसे हालातों के बीच शहर की गर्मी ने बीते 55 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार अप्रैल महीने ने ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी का एहसास करा दिया है। आज अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था ।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, साल 1971 से अब तक अप्रैल महीने में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं पहुंचा था, लेकिन इस बार गर्मी ने सभी पुराने आंकड़े पीछे छोड़ दिए हैं।
सड़कों पर पसरा सन्नाटा तेज धूप और लू जैसे हालातों ने दिन के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है । दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे भी सिर और चेहरा ढंककर ही नजर आए।
गर्म हवाओं के थपेड़ों ने आमजन को बेहाल कर दिया है । बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही।
सिर्फ दिन ही नहीं, अब रातों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री बढ़कर 25.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। इस वजह से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे नींद और आराम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 48 घंटों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। उन्होंने बताया कि इस भीषण गर्मी का मुख्य कारण हीट डोम (उच्च दबाव का क्षेत्र) है। यह सिस्टम गर्म हवाओं को एक ही जगह फंसा देता है, जिससे तापमान लगातार बढ़ता जाता है। उन्होंने बताया कि यह सिस्टम सोमवार से पूर्व की ओर आगे बढ़ेगा, जिससे बादल बनने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
इस मौसम के लिए डाक्टरों की सलाह है कि हीटवेव और गर्मी से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें। ढीले, हल्के रंग के और सूती पूरी बांह के कपड़े पहनें। सिर को टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाते से ढककर रखें। घर में ठंडक बनाए रखने के लिए पंखा, कूलर या एसी का उपयोग करें।
पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ लेते रहें।
दिन में बार-बार पानी पिएं, प्यास लगने का इंतजार न करें। नियमित रूप से ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें। चाय, कॉफी और शराब के सेवन से बचें।
हल्का, सुपाच्य और ताजा भोजन करें।तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाना कम खाएं।तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, संतरा जैसे पानी से भरपूर फल अधिक लें।
घर से बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर निकलें।दूध या दूध से बनी भारी मिठाइयों से परहेज रखें।
खिड़कियों पर पर्दे, सनशेड या सफेद पेपर लगाकर धूप को रोकें।
दोपहर के समय घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, ताकि गर्म हवा अंदर न आए।






