May 1, 2026

संवाददाता
कानपुर।
बिल्हौर के मुनीश्वर अवस्थी नगर के एक छात्र आकाश अवस्थी ने अमेरिका की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी नासा में इंजीनियर का पद हासिल किया है। यह उपलब्धि क्षेत्र के बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
छात्र ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई कानपुर के एक कॉलेज से पूरी की, जिसके बाद तमिलनाडु से बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। अमेरिकी स्कॉलरशिप पर उन्होंने अमेरिका में पीएचडी की। वर्तमान में, वह नासा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं।
बिल्हौर क्षेत्र में अभिभावकों के लिए शैक्षणिक विकल्पों में वृद्धि हुई है। एक समय था जब बिल्हौर इंटर कॉलेज, बीआरडी इंटर कॉलेज, शिवाजी इंटर कॉलेज और जनकल्याण इंटर कॉलेज जैसे कुछ ही संस्थानों में दाखिले के लिए काफी प्रयास करने पड़ते थे। अब सरकारी और गैर-सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों की संख्या पर्याप्त हो गई है, जिससे अभिभावकों को राहत मिली है।
क्षेत्र में अन्नपूर्णा इंटर कॉलेज, प्रभा सनराइज इंटर कॉलेज, अकैडिया इंटरनेशनल स्कूल, सुधा इंटरनेशनल स्कूल – घिमऊ, डीपीएस, अवकाश सिंह इंटरनेशनल अकादमी, मां सरस्वती पब्लिक स्कूल – अनेई,  सोनेलाल पटेल पब्लिक स्कूल, दिव्या एजुकेशनल स्कूल, रविंद्र पब्लिक स्कूल, राजेश्वरी पब्लिक स्कूल, चिल्ड्रन मेमोरियल स्कूल, सूरजमुखी पब्लिक स्कूल और एएमपीएस इंटर कॉलेज जैसे कई नए विकल्प उपलब्ध हैं।
इस प्रतिस्पर्धा के दौर में कई छात्र-छात्राएं महाविद्यालयों और विद्यालयों में शॉर्टकट तरीकों से पास होने की कोशिश करते हैं। हालांकि, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विस्तृत अध्ययन से ही मन-मस्तिष्क की प्रखरता बढ़ती है, जिसका लाभ जीवन भर मिलता है। नासा में पद पाने वाले छात्र की सफलता इसी गहन अध्ययन का परिणाम है।
कवि सिद्ध शंकर मिश्र ने बताया कि बिल्हौर में जल्द ही श्री महर्षि योगी कृषि विश्वविद्यालय प्रारंभ होने के बाद गंगा कटरी क्षेत्र के बच्चों को भी उच्च शिक्षा और करियर के बेहतर अवसर मिलेंगे।