
संवाददाता
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के लखनपुर इलाके में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह पत्नी ने शव फंदे से लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
लखनपुर निवासी अजय दिवाकर मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी लाली, बेटे कन्हैया और नंदू, बेटी टुकटुक हैं। छोटे भाई विजय ने बताया कि अजय शराब के आदी थे और पत्नी से अक्सर उनका विवाद होता रहता था। कल भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद अजय कमरे में चले गए। देर रात उन्होंने दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी। सुबह पत्नी जब उन्हें जगाने पहुंची तो घटना की जानकारी हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साबूत जुटाए। 112 नंबर पर सूचना मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
थाना प्रभारी कमलेश कुमार रॉय ने बताया कि प्राथमिक जांच में पत्नी से विवाद के बाद युवक द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आई है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






