
संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कमसाह बाजार में चोरी की कोशिश करते एक किशोर को ग्रामीणों और दुकानदारों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस किशोर को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पूछताछ में उसके मध्य प्रदेश का निवासी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बाजार में भीड़भाड़ के बीच करीब 13 वर्षीय किशोर एक किराना दुकान से झोला उठाकर भागने लगा। दुकानदार की नजर पड़ते ही उसने शोर मचा दिया, जिस पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए और कुछ ही दूरी पर किशोर को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसे डांट-फटकार लगाते हुए खंभे से बांध दिया।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया किशोर मध्य प्रदेश के कौरिया क्षेत्र का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि वह बच्चों से चोरी कराने वाले किसी गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात कराते हैं। क्षेत्र में उसका कोई परिचित नहीं मिला है, जिससे शक और गहरा गया है।
पुलिस उसके संभावित साथियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।






