
संवाददाता
कानपुर। आज कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे के एडीआरएम दीपक कुमार निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे अमृत भारत योजना के तहत विकास कार्यों का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे होल्डिंग एरिया सहित पूरे स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति को देखा।
एडीआरएम दीपक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दीपक कुमार ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दो वर्षों में यह स्टेशन एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित दिखाई देगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इधर, कानपुर में चल रही अध्यापक भर्ती परीक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षार्थियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल रैक तैयार रखे हैं। जरूरत पड़ने पर इन्हें भी चलाया जाएगा, ताकि यात्रियों और परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।






