• मां को शव नहीं दिखाने पर भड़के ग्रामीणो ने हाईवे जाम किया, शव वाहन तोड़ा।

संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। पतारा इलाके में दूध लदे टैंकर ने एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद युवक के शव को मां को न दिखाने पर ग्रामीण भड़क गए और हाईवे जाम करके तोड़फोड़ कर दी।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव निवासी दिलीप अपने चचेरे भाई कृष्णा और साथी अंकित के साथ कानपुर से घर लौट रहे थे।
कानपुर-सागर हाईवे पर रिंद नदी पुल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। हादसे में कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप और अंकित घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पतारा सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने करीब 5 किलोमीटर पीछा करके शम्भूहा पुल के पास टैंकर को कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतक के शव को मां को दिखाए बिना पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने धरमपुर बंबा के पास हाईवे पर शव वाहन को रोक लिया ।
बताया जा रहा है कि शव वाहन का दरवाजा न खोलने पर ग्रामीणों और चालक के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने शव वाहन का गेट तोड़ दिया और शव बाहर निकालकर परिजनों को दिखाया।
हंगामे के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
शव वाहन के मालिक ने तहरीर नहीं दी तो देर रात चौकी इंचार्ज ललित शर्मा ने अरविंद बौद्ध, अनिल, ब्रजेश, अर्जुन, कप्तान सिंह समेत 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके अरविंद बौद्ध को हिरासत में ले लिया है।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।






