June 12, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
पनकी स्थित गंगागंज इलाके में नगर निगम के कैटल कैचिंग दस्ते पर हमला हुआ है। यह घटना तब हुई जब टीम आईजीआरएस शिकायत के आधार पर कुत्ते पकड़ने पहुंची थी।
हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि अचानक भीड़ ने दस्ते को घेर लिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए। इसके साथ ही कैटल कैचिंग वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
हमलावरों की पहचान के लिए घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि टीम गंगागंज निवासी की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी।
क्षेत्रीय पार्षद अनुप्रिया दुबे ने बताया कि उन्हें अभी तक किसी ने घटना की जानकारी नहीं दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई शिकायत आती है, तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पनकी थाना प्रभारी मनोज भदोरिया ने जानकारी दी कि कर्मचारियों की तहरीर प्राप्त हुई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले में जांच जारी है। 

Related News