• पुलिस कार्यालय में मचा हड़कंप।

संवाददाता
कानपुर। पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय परिसर में मंगलवार दोपहर को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और दुष्कर्म के आरोपित को जेल से रिहा करने की मांग करने लगी। किशोरी ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी। घटना से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए।
जानकारी के मुताबिक, यह किशोरी वही पीड़िता है, जिसके मामले में आरोपित राकेश बिहार बीते वर्ष 11 नवंबर से सचेंडी थाने में दर्ज पाक्सो एक्ट के मुकदमे में जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि किशोरी आरोपित की रिहाई की मांग को लेकर मंगलवार को पुलिस कार्यालय पहुंची थी। काफी देर तक उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह नाराज होकर परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
टावर पर किशोरी को चढ़ा देख पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम एसएस कासिम आबिदी और स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।
करीब 45 मिनट तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान अधिकारी लगातार किशोरी को समझाने का प्रयास करते रहे। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करके किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया। किशोरी के नीचे आते ही अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। घटना को लेकर पुलिस कार्यालय में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।






