September 8, 2024

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी् की हत्या  बच्चों के सामने ही कर दी। यही नही पुलिस को गुमराह करने के लिए वह पूरी रात लाश के पास बैठकर रोता भी रहा। वहीं बच्चों का कहना है- पापा ने पहले मम्मी को मारा पीटा और इसके बाद गला दबाकर मार डाला। मासूमों की इस बात को जिस किसी ने सुना, उनके आंसू निकल पड़े। पूरा मामला कल्याणपुर का है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया- कल्याणपुर निवासी जितेंद्र कश्यप ई-रिक्शा चालक है। उसके घर में पत्नी विनीता कश्यप (28) और दो बच्चे 8 साल का शनि और 4 साल की प्रीति थे। जितेंद्र की सास मैथा कानपुर देहात निवासी राम दुलारी ने शुक्रवार सुबह 9 बजे पुलिस को हत्या की सूचना दी। मौके पर कल्याणपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच करने पहुंची। दोनों बच्चों ने पूछताछ में बताया कि पापा ने मम्मी को झगड़ा होने के बाद पीटा था। इसके बाद साड़ी से गला दबा दिया। वहीं, मोहल्ले वालों ने भी जितेंद्र पर आए दिन मारपीट करने और प्रताड़ना का आरोप लगाया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर थाने में तहरीर दी है। जांच में सामने आया कि महिला की गुरुवार रात को ही मौत हो गई थी, लेकिन पति ने पुलिस को सूचना नहीं दी। वो रात भर उसके शव के साथ बैठा रहा और रोता रहा। मृतका की मां कानपुर देहात से शुक्रवार सुबह कल्याणपुर पहुंची, तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया कि ई-रिक्शा चालक जितेंद्र कश्यप का किसी महिला से अवैध संबंध थे। इसका पत्नी विनीता विरोध करती थी। इसी बात को लेकर आए दिन दंपति में विवाद होता था। गुरुवार को विवाद इतना बढ़ गया कि जितेंद्र ने पत्नी की मारपीट के बाद हत्या कर दी। एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया- जितेंद्र से पूछताछ की जा रही है। वो सुसाइड की बात कह रहा है, उसकी सास की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। वहीं, मृतका के भाई के मुताबिक- मेरी बहन के पति के किसी और से अवैध संबंध थे। इसका बहन विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा भी होता था इसी बात पर अब उसकी हत्या कर दी।  पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *