October 24, 2024

—हत्यारे ने सिर में बंदूक सटाकर मारी गोली।

कानपुर। अपराधियों ने शहर पुलिस को एक बार फिर से चुनौती देते हुए चौकी से चन्द  कदम की दूरी पर हत्या कर सनसनी फैला दी। यही नही बेखौफ अपराधी बंदूक लहराते हुए फरार भी हो गया ,अब सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुट गयी है। नगर के नौबस्ता बाईपास चौराहे पर शुक्रवार की सुबह टेंपो स्टैंड संचालक की भरे बाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने पीछे से सिर में बंदूक सटाकर गोली मारी फिर बंदूक लहराता हुआ फरार हो गया। घटना सुबह 9.15 बजे की बतायी जा रही है।  वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें स्टैंड संचालक हरि करण सिंह (55) के बगल में खड़ा युवक उन्हें सिर में गोली मारता दिख रहा है। उस्मानपुर चौकी से चंद कदम दूरी पर हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। हनुमंत विहार के रहने वाले हरि करण सिंह (55) उस्मानपुर में टेंपो स्टैंड संचालक थे। उनको गोली लगने के बाद नौबस्ता बाइपास चौराहे पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोग हरि करण सिंह को लेकर पास के प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। यहां से उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी वैन चालक ने बताया- मैं घाटमपुर के लिए सवारी भर रहा था। इसके ठीक बगल में केले का ठेला लगा हुआ था। वहीं एक शख्स स्टूल पर बैठा था। एक युवक चुपचाप वहां आया। हम लोग कुछ समझ नहीं पाए। तभी कमर से उसने बंदूक निकाली और स्टूल पर बैठे शख्स के पीछे से सिर पर बंदूक सटाकर गोली चला दी। स्टूल पर बैठा शख्स जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस की पूछताछ में स्टैंड संचालक के बेटे अमित कुमार ने बताया- एक महीने पहले हम लोग पूरे परिवार के साथ बाहर घूमने गए थे। केवल पिता जी घर में अकेले थे। उस दौरान पिता के सिर पर चोट लगी थी। वापस आकर हम लोगों ने उनसे चोट के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि टीन लग गई थी। ज्यादा पूछने पर वह गुस्साने लगे। इसलिए हम लोगों ने उनसे दोबारा पूछा ही नहीं। उस दौरान झगड़ा किससे हुआ, क्यों हुआ, इसकी भी जानकारी नहीं है।हत्याा के पीछे का कारण  टैंपो स्टैंड पर कब्जे को लेकर माना जा रहा है उसपर उनका कई लोगों से विवाद चल रहा है। इस हत्याकांड की वजह भी यही बताई जा रही है। मृतक के परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे हैं। नौबस्ता बाइपास पर क्राइम स्पॉट को सील कर दिया गया है। जिस होटल के सामने वारदात हुई, उसके साथ-साथ अन्य दुकानों को बंद करा दिया गया है। डीसीपी रविंद्र कुमार ने बताया- सीसीटीवी में आरोपी भागता हुआ नजर आ रहा है। फुटेज में उसका चेहरा साफ दिख रहा है। पुलिस फोटो सर्कुलेट कर आरोपी की पहचान कर रही है। उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फ़ोटो। 1 मृतक स्टैंड संचालक हरि करण सिंह फ़ाइल फ़ोटो।

2 गोली मारकर भागता हत्यारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *