
संवाददाता।
कानपुर। नगर में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर मे गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। वहीं, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में कार्यक्रम में शिक्षिकाओं ने रैम्प पर वॉककर अपने जलवे दिखाए। कार्यक्रम में भारतीय महिला उद्यमी परिषद, कानपुर की उपाध्यक्षा डॉ. जयश्री राजपूत मुख्य अथिति के रूप में उपस्थित हुई। उन्होंने माता शारदा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। डॉ. जयश्री राजपूत ने आधुनिक समाज में महिलाओं की स्थिति पर अपने विचार रखते हुए अपनी कविताओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समाज में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। इस अवसर पर एमएड और बीएड के छात्र छात्राओं ने भी अपने विचार रखे और स्वरचित कविताओं का पाठ कर खूब तालियां बटोरी। विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर बी.लिब एवं एम.लिब के छात्र-छात्राओं ने समाज की विभिन्न महिलाओं की उपलब्धियों व कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद विभाग की शिक्षिकाओं तथा अन्य स्टाफ ने रैम्प वाक किया। विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग गेम का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं में किसी भी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए। उन्हें अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है। आज देश के विकास में भी महिलाओं की भागीदारी है। इस अवसर पर विभाग की तरफ से महिला शिक्षिकाओं तथा अन्य स्टाफ का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विभाग की सहायक आचार्य दीपमाला निगम, स्मिता गुप्ता, डॉ. तनुजा भट्ट, डॉ. कल्पना अग्निहोत्री, डॉ. शिव चरण पटेल, मानसी मिश्रा, डॉ. बद्रीनारायण मिश्रा, डॉ स्नेह पांडेय, प्रियंका मौर्य आदि उपस्थित रहे।