April 30, 2025

संवाददाता।
कानपुर। प्रदेश में शुक्रवार रात से ही मौसम बदल गया है। कई जिलों में बारिश हो रही है। लखनऊ, कानपुर में शनिवार दोपहर से तेज बारिश हो रही है। आगरा, अयोध्या, जालौन, संतकबीरनगर और मथुरा में रुक-रुककर बरसात जारी है। शुक्रवार शाम को कानपुर, झांसी, मेरठ, मथुरा में पहले तेज आंधी आई। फिर गरज-चमक के साथ बारिश हुई। लखनऊ में भी रात में तेज आंधी आने से चौधरी चरण सिंह हवाई अड्‌डा पर बना सीआईएसएफ का अस्थाई गेट गिर गया। इसकी चपेट में आकर सिक्योरिटी गार्ड रवि की मौत हो गई। मैनपुरी में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। आईएमडी ने शनिवार को यूपी प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 24 जिलों में आंधी के साथ ओले भी गिर सकते हैं। आने वाले 2 दिनों तक यानी 4 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहेगा। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज में ओला गिरने का अलर्ट है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ , गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में मध्यम से हल्की बारिश का अलर्ट है। शुक्रवार शाम को आंधी-तूफान के साथ झांसी में तेज बारिश होने लगी। 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली। इससे सदर बाजार क्षेत्र में एक बड़ा पेड़ जीप पर गिर गया। खुशीपुरा मस्जिद के पास एक बिजली पोल दुकान पर गिर गया।मथुरा में भी रात में पहले आंधी आई। फिर झमाझम बारिश हुई। इसमें वृंदावन में प्रेम मंदिर के पीछे वाली सड़क पर ट्रांसफॉर्मर गिर गया। जिसके चलते पूरा रास्ता ब्लॉक हो गया। काफी देर बाद प्रशासन ने ट्रांसफॉर्मर को हटवाया। संतकबीरनगर और जालौन में बारिश का दौर जारी है। यहां घने बादल छाए हुए हैं। रुक-रुककर बारिश हो रही है।शुक्रवार सुबह तेज धूप के साथ गर्मी का एहसास हुआ। शाम को बादलों की आवाजाही शुरू हुई। यूपी में 8°C के साथ बिजनौर का तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। आगरा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। मैनपुरी में शुक्रवार को आलू की खुदाई रहे युवक पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना करहल थाना क्षेत्र के किरथुआ की है। कृषि विज्ञानी डॉ. अजय मिश्रा ने बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को गेहूं के फसल की सिंचाई न करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि मक्का, उड़द और ग्रीष्मकालीन सब्जियों की बुआई को अभी न करें। साथ ही संभावित ज्यादा बारिश के जल की निकासी की उचित व्यवस्था करें। डॉ. अजय मिश्रा ने बताया कि कीटनाशकों, रोगनाशी और खरपतवार नाशी रसायनों के लिए, केवल साफ पानी से उपकरणों को धोने के लिए अलग या उपयोग करें। हवा की विपरीत दिशा में खड़े कीटनाशकों और खरपतवार नाशकों को स्प्रे न करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *