August 14, 2026

संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ में सोमवार सुबह करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग ने गंगापुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। तेज धारा में बहते बुजुर्ग को देख नाविकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नाव के जरिए कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में बुजुर्ग को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग गंगापुल के बीच पहुंचा। इसके बाद अचानक रेलिंग के ऊपर से गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मौजूद नाविकों ने उसे नदी में गिरते देखा। नाविक छोटेलाल, ललुआ और पप्पू तत्काल नाव लेकर उसकी ओर बढ़े।
गंगा की तेज धारा के बीच काफी मशक्कत के बाद तीनों नाविकों ने बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला। सूचना पर जाजमऊ पुलिस भी मौके पर पहुंची। बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल कांशीराम अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
नाविकों के मुताबिक, बुजुर्ग के हाथ में इलाज के लिए विगो लगी हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी बीमारी से परेशान था और संभवतः किसी अस्पताल से आने के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, छलांग लगाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस बुजुर्ग की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि गंगापुल से बुजुर्ग के गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। नाविकों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अस्पताल में उसका इलाज कराया जा रहा है। होश में आने और पहचान होने के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *