
संवाददाता
कानपुर। शहर को हरा-भरा और खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम की ओर से लगाए गए वर्टिकल गार्डन अब बदहाली का शिकार हैं। लाल इमली चौराहे से लेकर मरियमपुर स्थित जोन-6 कार्यालय तक दीवारों पर लगे गमलों में कहीं पौधे गायब हैं तो कहीं सूख चुके हैं। देखरेख के अभाव में हरियाली के नाम पर बनी ये दीवारें अब बदसूरत लग रही हैं।
शहर के प्रमुख लाल इमली चौराहे पर बनाया गया वर्टिकल गार्डन भी बदहाल हो चुका है। दीवार पर लगे गमलों से पौधे गायब हैं। कई जगह केवल खाली गमले नजर आ रहे हैं। गार्डन में पौधों को पानी देने के लिए लगाए गए पाइप भी टूटे पड़े हैं। इससे साफ है कि पौधों की नियमित सिंचाई और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मरियमपुर अस्पताल के पास नगर निगम के जोन-6 कार्यालय की दीवार पर बना वर्टिकल गार्डन भी उपेक्षा की मिसाल है। यहां ज्यादातर गमले खाली पड़े हैं और पौधे सूख चुके हैं। खास बात यह है कि यह गार्डन निगम के अपने जोनल कार्यालय की बिल्डिंग पर बना है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब निगम अपने कार्यालय की दीवार की देखभाल नहीं कर पा रहा तो शहर के अन्य स्थानों की क्या स्थिति होगी।
शहर की दीवारों को खूबसूरत बनाने और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वर्टिकल गार्डन तैयार किए गए थे। लेकिन रखरखाव के अभाव में अब यही गार्डन दीवारों की खूबसूरती बढ़ाने के बजाय उन्हें बदसूरत कर रहे हैं। खाली प्लास्टिक के गमले, सूखे पौधे और टूटे पाइप इन गार्डन की मौजूदा स्थिति बयां कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से इन वर्टिकल गार्डन के रखरखाव पर नियमित ध्यान दिया जाए तो इन्हें दोबारा हरा-भरा किया जा सकता है। फिलहाल इनकी बदहाली शहर में हरियाली बढ़ाने की योजनाओं पर सवाल खड़े कर रही है।






