August 10, 2026



— मौसम विभाग ने 9 से 11 अगस्त तक बारिश और तेज बौछारों का जताया अनुमान।




संवाददाता
कानपुर। रविवार को कानपुर में मौसम ने दिनभर करवटें बदलकर लोगों को परेशान किया। सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप निकल आई। तेज धूप और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। शाम की बूंदाबाँदी ने लोगों को बहुत राहत पहुंचाई।
सीएसए की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा जबकि अधिकतम आर्द्रता 91 प्रतिशत रही। वहीं सुबह 10.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार सोमवार से मौसम फिर करवट ले सकता है। वातावरण में बनी नमी और सक्रिय मौसमी प्रणालियों के असर से 9 से 11 अगस्त तक बादलों की आवाजाही के साथ रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
विशेषज्ञों ने देर रात या तड़के तेज आंधी के साथ बारिश की भी संभावना जताई है। दिन में बादलों के बीच धूप निकलने से उमस परेशान कर सकती है। हालांकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम के अचानक बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *