August 10, 2026





संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ गंगापुल से एक ही दिन में दो लोगों ने गंगा में छलांग लगा दी जिससे वहां के नाविकों को उन्हें बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।एक ही स्थल पर घटी अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक महिला ने  गंगा में छलांग लगा कर अपनी जान देने की कोशिश की जिसपर वहां मौजूद नाविकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया और परिजनों को सौंप दिया।
पहली घटना में शिवकटरा के शंभू आटा चक्की निवासी टेनरीकर्मी अशोक कुमार नशे की हालत में गंगापुल से नीचे गंगा में कूद गया। पुल के नीचे मौजूद नाविकों ने उसे डूबता देखा तो तत्काल नाव से पानी में उतरकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने उसका उपचार कराया और परिजनों को सूचना देकर उन्हें सौंप दिया। अशोक ने बताया कि वह काम को लेकर परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
दूसरी घटना पश्चिमी सेनपारा निवासी 38 वर्षीय ममता से जुड़ी है। उनके पति अनीत कुमार के अनुसार, ममता दोपहर करीब 12 बजे पति को ताबीज बंधवाने के लिए उन्नाव ले जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। गंगापुल पर उन्होंने चप्पल गिरने का बहाना बनाया और बाइक से उतरकर अचानक गंगा में छलांग लगा दी। नाविकों ने उन्हें भी तत्काल पानी से बाहर निकाल लिया।
नाविक छोटेलाल, पप्पू, चांद, जिब्बी और शब्बू ने बताया कि वे लंबे समय से गंगा किनारे नाव चलाकर लोगों की मदद कर रहे हैं और अब तक 500 से अधिक लोगों की जान बचा चुके हैं। उन्होंने प्रशासन और सरकार से आर्थिक मदद अथवा नियमित भत्ते की व्यवस्था की मांग की। नाविकों का कहना है कि वे लगातार अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाते हैं, लेकिन इसके एवज में उन्हें कोई नियमित सहायता नहीं मिलती।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई है। इलाज के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *