• वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने करी कार्रवाई।

संवाददाता
कानपुर। मोहर्रम के जुलूस के दौरान बाबा स्वीट हाउस के पास दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, युवकों ने एक दूसरे पर पथराव भी किया, जिससे जुलूस में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाकर घरों में कैद हो गए।
इस घटना का वीडियो शनिवार देर रात वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके तीन आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया ।
वायरल हुआ वीडियो मोहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार रात का बताया जा रहा है।
मोहर्रम का जुलूस बाबा स्वीट हाउस वाली रोड से रहमानी मार्केट की ओर जा रहा था। इस दौरान चांद लस्सी वाली गली से जुलूस की ओर बढ़ रहे युवकों ने पथराव कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडे से कई युवकों को दौड़ा-दौड़ा पीटा, जिससे जुलूस में भगदड़ मच गई।
जिसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने पथराव कर दिया। जुलूस में मारपीट होने की वजह से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करके मामला शांत कराया, जिसके बाद जुलूस निकला। शनिवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद बजरिया पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फूलमती चौकी प्रभारी रोहित कुमार शर्मा की तहरीर पर फहरान, इस्माइल, फैज समेत 10 अज्ञात लोगों पर मारपीट व दंगा करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जुलूस के दौरान हुई मारपीट में बेकनगंज निवासी फरदीन गनी घायल हुए है। घटना में शामिल तीन आरोपी युवकों को गिरफ्तार करके अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।






