July 1, 2026

छह जुआरी नकदी, मोबाईल और कार सहित गिरफ्तार।




संवाददाता
कानपुर। नरवल थाना क्षेत्र के मड़ीलवा गांव में एक स्कूल के पीछे खेत में चल रही जुए की फड़ पर मंगलवार सुबह पुलिस ने छापेमारी करके छह जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने मौके से 67,750 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और एक अर्टिगा कार बरामद करके  कार को सीज कर दिया है ।
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि मड़ीलवा गांव में कई दिनों से स्कूल के पीछे सुनसान मैदान में जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने पहले भी कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी हर बार बच निकलते थे। इसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई। आज सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करके  छापा मारा, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
पुलिस ने साढ़ निवासी रतिराम उर्फ छोटे, हनुमंत विहार निवासी अनुराग कुशवाहा, नौबस्ता निवासी शेर अली, सेन पश्चिम पारा निवासी शानू, साढ़ निवासी मनीष कुमार और हनुमंत विहार निवासी छोटू कुशवाहा को गिरफ्तार किया है । वहीं नरवल निवासी रामकुमार उर्फ छोटू और सुमित मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 65,390 रुपये फड़ पर और 2,360 रुपये जामा तलाशी में बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पुलिस की नजर से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर ठिकाना बदल-बदलकर जुआ खेलते थे और अलग-अलग थाना क्षेत्रों के लोगों को बुलाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार शेर अली और छोटू कुशवाहा के खिलाफ पहले से जुआ अधिनियम, मारपीट और चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *