June 30, 2026

— एसीपी बोलीं- 100 की स्पीड में दौड़ा रहे थे स्कूटी।

संवाददाता

कानपुर।  मोहर्रम के जुलूस में शामिल स्कूटी सवार अकीदतमंदो पर ग्वालटोली इंस्पेक्टर ने लाठियों की बौछार कर दी। दो युवक मौके पर भाग निकले, जबकि एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक पर बीच चौराहे पर एक के बाद एक पांच लाठियां बरसायी। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी रोड पर तेज स्पीड में स्कूटी दौड़ने पर कार्रवाई की गई थी।

मोहर्रम पर शहर भर के अलग–अलग स्थानों के निकलने वाले जुलूस की सुरक्षा को लेकर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। ग्वालटोली से निकलने वाले जुलूस को लेकर वीआईपी रोड स्थित बाबा घाट चौराहे पर ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौजूद थे। देर रात कंपनी बाग चौराहे की ओर से स्कूटी सवार तीन अकीदतमंद बाबा घाट चौराहे पहुंचे।

तभी ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने उनपर लाठियां भांजनी शुरू कर दी, जिस पर स्कूटी सवार दो युवक मौके से भाग निकले जबकि एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया। इसके बाद इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों ने युवक पर जमकर लाठी बरसायी। मौके पर मौजूद एक युवक ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मामले में एसीपी कर्नलगंज आकांक्षा पांडेय ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में है। तीनों युवक 100 की रफ्तार में वीआईपी रोड पर स्कूटी दौड़ा रहे थे, पुलिस के मना करने के बावजूद वह करीब 3 बार तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हुए निकले थे। जिसपर पुलिस ने कार्रवाई की है ।