• अरबो की जमीन कब्जाने का लगाया आरोप।

संवाददाता
कानपुर। पिछले 6 महीनो से नगर में मेयर और भाजपा के 6 बागी पार्षदों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं आज मेयर के खिलाफ सीएम से शिकायत करने वाले पार्षद पवन गुप्ता के वार्ड में मौजूद संत लाल का हाता में रहने वाले सैकड़ों लोग शनिवार दोपहर मेयर और उनके बेटे के खिलाफ पोस्टर बैनर लेकर नगर निगम पहुंचे।
यहाँ हाते के निवासी लोगों ने सीवर लाइन के लिए प्रदर्शन किया। इस दौरान सबने मेयर और उनके बेटे अमित उर्फ बंटी पांडेय के खिलाफ मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए।
इस प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि संतलाल के हाते की अरबों रुपए की कीमती जमीन पर मेयर के बेटे की नजर है। इस वजह से वह सीवर लाइन नहीं पड़ने दे रहा है। प्रदर्शन के दौरान पब्लिक ने नगर निगम के अफसरों को जल्द से जल्द सीवर लाइन का काम कराने के लिए ज्ञापन भी दिया। इसमें भारी संख्या में पुरुषों के साथ ही महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।

संतलाल का हाता के निवासियों ने नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि पार्षद पवन गुप्ता के प्रयासों से नगर प्रशासन ने मलिन बस्ती संतलाल हाता में सीवर लाइन डालने के आदेश करते हुए टेंडर भी निकाल दिया है, जिससे वहां के लोग खुश हैं। परन्तु हमें पता चला कि कुछ भू-माफिया कथित मकान मालिक पवन कुमार व मेयर पुत्र अमित पाण्डेय उर्फ बन्टी से मिलकर के ऐन केन प्रकार से हाते को बेचना व खरीदना चाहते हैं। टेंडर होने पर अपनी मंशा को फेल होता देख कर वह कथित मकान मालिक पवन कुमार व उनके परिवार के समस्त लोगों को लेकर आपके विरुद्ध नगर निगम में धरना एवं प्रदर्शन कर डाले गए टेंडर को निरस्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रकार ये लोग सरकारी जमीन को बेचकर हम समस्त चार हजार दलित निवासियों को बेघर करना चाहते हैं। भू-माफिया के साथ कथित मकान मालिक पवन कुमार व मेयर पुत्र अमित पाण्डेय बन्टी की बातों पर ध्यान न देकर वर्षों से चली आ रही समस्या सीवर लाइन डलवा कर हम समस्त दलित दुर्बल आय वर्ग एवं असहाय चार हजार निवासियों को भीषण समस्या से निजात दिलाने की कृपा करें। कार्य में बाधा पहुंचाने वाले पवन कुमार व मेयर पुत्र अमित पाण्डेय उर्फ बन्टी व भूमाफिया के खिलाफ कानूनी कार्यवाही भी करें।
हाते के निवासी रोशन लाल कुरील ने कहा कि हमलोग सीवर लाइन को लेकर संघर्ष कर रहे है। मोदी योगी घर-घर शौचालय बनवा रहे हैं लेकिन हमारे बच्चे सड़क पर जा रहे हैं। यहां के पार्षद के प्रयासों से सीवर लाइन का टेंडर पास हुआ लेकिन मेयर के बेटे इसे नहीं बनने देना चाहते हैं। उनकी नजर अरबों की जमीन पर है।
नगर निगम परिसर में प्रदर्शन करने वाले संत लाल के हाता के लोगों से सुरक्षाकर्मियों की झड़प हुई। सुरक्षाकर्मियों का कहना था कि यहां से नीचे की ओर जाइए। जबकि लोग जाने को तैयार नहीं थे।
इस प्रदर्शन में पहुंचे संत लाल हाता के लोग मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
नगर निगम पहुंचे संत लाल का हाता में रहने वालों ने धरना दिया और नारेबाजी की। इस दौरान उनके हाथों में महापौर और उनके बेटे के खिलाफ पोस्टर भी थे ।






