June 26, 2026

• पिता-पुत्र समेत 4 पर मुकदमा दर्ज।

संवाददाता 

कानपुर।  सिविल लाइंस स्थित होटल लिटिल शेफ के लीला हॉल की बुकिंग के नाम पर 1.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। होटल प्रबंधन का आरोप है कि एक युवक ने अपने परिजनों और सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी भुगतान रसीद दिखाकर कार्यक्रम आयोजित किया और बकाया राशि दिए बिना फरार हो गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

होटल लिटिल शेफ का संचालन करने वाली रेवन्त हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि एवं जनरल मैनेजर शैलेश कुमार सिंह ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार पश्चिम बंगाल के बिधान नगर एम-नार्थ निवासी राहुल भगत की असिस्टेंट ने फोन करके होटल के लीला हॉल को दो दिनों के लिए बुक कराया था। हॉल का किराया दो लाख रुपये तय हुआ था, जिसमें 50 हजार रुपये एडवांस ऑनलाइन जमा कराए गए थे।

होटल प्रबंधन के मुताबिक शेष 1.50 लाख रुपये कार्यक्रम के दौरान देने की बात कही गई थी। राहुल भगत अपने पिता विश्वनाथ भगत, भाई करन भगत और अन्य रिश्तेदारों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुआ और दो दिनों तक हॉल का उपयोग किया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब होटल प्रबंधन ने बकाया राशि मांगी तो राहुल भगत ने मोबाइल फोन पर एक ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर भुगतान किए जाने का दावा किया।

प्रबंधन का आरोप है कि जब होटल के बैंक खाते की जांच की गई तो उसमें ऐसा कोई लेनदेन नहीं मिला। इसके बाद राहुल भगत और उसके साथ आए सभी लोग अपना सामान लेकर वहां से चले गए।

होटल प्रबंधन ने कई बार आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले। प्रबंधन का कहना है कि फर्जी और कूटरचित भुगतान रसीद दिखाकर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई है।

कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि मामले में राहुल भगत, उसके पिता विश्वनाथ भगत, भाई करन भगत और एक अन्य सहयोगी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।