June 25, 2026

संवाददाता
कानपुर। परमट घाट पर मंगलवार सुबह गंगा नहाने के दौरान चार किशोर गहराई में जाने से डूबने लगे। शोर सुनकर नाविकों ने तीन को तो बचा लिया, लेकिन चौथा किशोर गहराई में जाने से डूब गया। मौके पर पहुंची  पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, करीब 2 घंटे बाद उसका शव मिला।
बर्रा के जरौली फेस-वन निवासी 14 वर्षीय गोलू साहू ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह जरौली में रहने वाले दोस्त अर्पित, शिवम गुप्ता, सत्यम, खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी सागर के साथ परमट घाट पर नहाने गए थे। घाट पहुंचने पर अर्पित, शिवम, सत्यम और सागर ने पहले घाट किनारे खड़े होकर सेल्फी ली, फिर गंगा में नहाने चले गए, जबकि वह उन सभी के कपड़े देखने के लिए बाहर ही बैठा था।
इस दौरान चारो किशोर गंगा में पानी कम होने की वजह से आगे की ओर जाने लगे। गोलू ने बताया कि आगे जाने के दौरान चारों ने उसे घाट के पास ही कपड़े देखने को कहा। जबकि चारों नहाते हुए आगे जाने लगे। उन्होंने आवाज देकर घाट के पास ही रहने को कहा था, लेकिन इसी बीच चारों अचानक गहराई में जाकर डूबने लगे।
शोर मचने पर घाट के किनारे मौजूद नाविकों ने गंगा में छलांग लगा दी। जिसके बाद उन्होंने अर्पित, सत्यम व सागर को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन शिवम डूब गया।
घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई, करीब 2 घंटे बाद शिवम का शव मिला।
ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को शव देकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *