• 9 जुलाई को राज्यपाल करेंगी सम्मानित।

संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में 9 जुलाई को आयोजित होने वाले 41वें दीक्षांत समारोह के लिए पदक विजेताओं की अंतिम सूची जारी कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की बीएससी कृषि की अंतिम वर्ष की छात्रा प्रिया यादव ने 91.25 प्रतिशत अंक हासिल करके विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें एक ही समारोह में पांच प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
प्रिया यादव को विश्वविद्यालय के सर्वोच्च सम्मान कुलाधिपति स्वर्ण पदक के साथ कुलाधिपति रजत पदक, कुलाधिपति कांस्य पदक, कुलपति स्वर्ण पदक और नंदरानी देवी स्वर्ण पदक भी प्रदान किया जाएगा। एक ही दीक्षांत समारोह में पांच पदक प्राप्त कर प्रिया यादव ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है और विश्वविद्यालय में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 41वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।
समारोह में विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां और पदक प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से इस वर्ष एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति रजत पदक और 30 कुलाधिपति कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा 11 कुलपति स्वर्ण पदक तथा 47 प्रायोजित पदक भी दिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुल 91 पदक विजेताओं की अंतिम सूची जारी कर दी है। पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में दीक्षांत समारोह को लेकर खासा उत्साह है, वहीं विभिन्न विभागों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।






