
संवाददाता
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में बच्चों के गंभीर रोगों के बेहतर इलाज के लिए पीडियाट्रिक सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के विस्तार की योजना तैयार कर ली गई है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने करीब 800 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को प्रस्ताव भेजा है। योजना के तहत 11.5 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में नया भवन तैयार किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आठ मंजिला पीडियाट्रिक सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बनाने की तैयारी है। इसके लिए जीटी रोड स्थित दक्षिणेश्वर बाल हनुमान मंदिर के पास एलएलआर स्कूल ऑफ नर्सिंग की जमीन को चिह्नित किया गया है। यहां बच्चों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बनाया जाएगा।
इस नए ब्लॉक में पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, हेमेटोलॉजी, रूमेटोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी और न्यूक्लियर मेडिसिन सहित कुल 14 सुपर स्पेशियलिटी विभाग संचालित करने की योजना है। इससे बच्चों को गंभीर बीमारियों का इलाज एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेगा।
वर्तमान में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, गैस्ट्रो मेडिसिन, एंडोक्राइनोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, पेन मेडिसिन और पीएमआर विभाग संचालित हो रहे हैं। अब बच्चों के लिए अलग और उन्नत सुविधाओं वाला केंद्र तैयार किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने से कानपुर के साथ-साथ ही आसपास के 18 जिलों के मरीजों को फायदा मिलेगा। अभी बच्चों के गंभीर इलाज के लिए मरीजों को लखनऊ और दिल्ली रेफर करना पड़ता है। नई सुविधा शुरू होने पर यह जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा के विस्तार के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से कानपुर बच्चों की सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा का बड़ा केंद्र बन जाएगा।






