May 1, 2026

संवाददाता
कानपुर। नगर के बीच से गुजर रहे अनवरगंज से मंधना रेलवे ट्रैक पर एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ट्रेनों का रूट डायवर्जन किया जाएगा। रेलवे ने इस संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही ट्रेनों के संचालन का नया रोडमैप तैयार किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अगले डेढ़ से दो महीने में योजना फाइनल करके निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है। यह ट्रैक फर्रुखाबाद रूट पर स्थित है, जहां फिलहाल कालिंदी एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेनें और मालगाड़ियां मिलाकर रोजाना 3 दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है।
निर्माण कार्य के चलते पैसेंजर ट्रेनों को कासगंज रूट के जरिए मंधना तक चलाने की योजना है, क्योंकि निर्माण कार्य मंधना स्टेशन से आगे क्रॉसिंग के पास होगा। वहीं, कालिंदी एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की ट्रेनों को शिकोहाबाद-टूंडला रूट से कानपुर सेंट्रल लाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से निरस्त भी किया जा सकता है।
इस रूट पर 54155 कानपुर सेंट्रल–फर्रुखाबाद पैसेंजर,
15037 कानपुर अनवरगंज–कासगंज एक्सप्रेस,14117 कालिंदी एक्सप्रेस,54157 कानपुर–फर्रुखाबाद पैसेंजर,
19402 लखनऊ–अहमदाबाद एक्सप्रेस,15083 छपरा–फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस का संचालन होता है।
इस एलिवेटेड ट्रैक के बनने के बाद जीटी रोड की 16 रेलवे क्रॉसिंग खत्म हो जाएंगी। इससे करीब 50 लाख शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इनमें सबसे अधिक जरीब चौकी और गुमटी क्रासिंग पर जाम लगता है।
रावतपुर, गीतानगर व 9 नंबर क्रासिंग के साथ गुरूदेव क्रासिंग से होकर सबसे ज्यादा लोग गुजरते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *