
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील और चौबेपुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने बिना डिग्री संचालित हो रहे दंत चिकित्सा क्लीनिकों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान कई दंत चिकित्सकों को नोटिस जारी किए गए, क्योंकि वे अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. यशोवर्धन सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह अभियान चलाया। टीम ने कस्बे में चल रहे दंत चिकित्सा क्लीनिकों का निरीक्षण करके आवश्यक कागजात की गहनता से जांच की।
जांच के दौरान, पाण्डेय मार्केट स्थित क्लीनिक में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। इसी प्रकार, अन्य डेंटल क्लिनिक में कार्यरत स्टाफ भी अपना कोई वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
विभाग ने इन सभी दंत चिकित्सकों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर अपने वैध कागजात के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में अधीक्षक डॉ. यशोवर्धन सिंह ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नैमी के आदेश पर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।






