
संवाददाता
कानपुर। होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसीपी चकेरी पूर्वी अभिषेक कुमार पांडेय के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस टीम ने क्षेत्र के बाजखेड़ा, राजापुर, मथुरा खेड़ा, सुवंशी खेड़ा और भदासा सहित कई गांवों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसीपी पांडेय ने विभिन्न गांवों में निर्धारित होलिका दहन स्थलों का स्थलीय मुआयना किया। उन्होंने ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल पूर्व निर्धारित और प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही किया जाएगा। नए स्थानों पर होलिका दहन की अनुमति नहीं होगी।
एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने सख्त चेतावनी दी कि यदि किसी ने पर्व के दौरान अराजकता फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
इस दौरान ग्राम प्रधानों ने स्थानीय समस्याओं से एसीपी को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार और कुलगांव चौकी प्रभारी एसआई अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






