January 25, 2026

संवाददाता
कानपुर।
कल्याणपुर में एक बंद पड़े मकान में एक चोर घुस गया। स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई तो 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही तत्काल कल्याणपुर थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर शातिर बोला कि अंदर मत आना गोली मार दूंगा।
इस पर साहस दिखाते हुए दरोगा अंदर दाखिल हुआ और शातिर को धर दबोचा। इसके बाद आरोपी माफी मांगने लगा।
कल्याणपुर के इंद्रा नगर निवासी अंकुर दीक्षित पेशे से अधिवक्ता है। परिवार में पत्नी श्रद्धा दीक्षित व एक बेटा है। अंकुर ने बताया की उन्होंने एक साल पहले बाल कृष्ण दीक्षित से मकान खरीदा था। खरीदने के बाद वह मकान में डबल ताले डालकर अपने पैतृक घर में ही रहते है।
शुक्रवार को उनके बंद मकान में एक शातिर चोर घुस गया। स्थानीय लोगों ने उसे घुसते देखा तो उन्होंने मकान मालिक सहित 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा और शातिर को ज़ब बाहर आने को कहा तो उसने पुलिस से कहा अंदर मत आना गोली मार दूँगा और खुद को भी मार लूँगा।
जिसके बाद पुलिस के हाथ पाँव फूल गये। लेकिन साहस दिखाते हुए कल्याणपुर के पनकी रोड चौकी में तैनात दरोगा भगत सिंह व सिपाही राम नरेश फौजी बगल के घर से अंदर दाखिल हुए। शातिर कुछ कर पाता इससे पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम संदीप निवासी आवास विकास बताया। पुलिस शातिर को थाने ले गई।
कल्याणपुर थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि 112 के माध्यम से चोरों के घर के अंदर घुसने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर से दाखिल हुई तो एक चोर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मौके से एक लोहे का एंगल बरामद हुआ है। मकान मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। 

Related News