
संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए प्रहरी एवं बीएलए सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व सपा के राष्ट्रीय सचिव राजाराम पाल एसआईआर को लेकर जमकर भड़के। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए सरकार ने बिहार में 65 लाख वोट काटे और 21 लाख फर्जी वोट बनवाकर जीत दर्ज की है। इसी तर्ज पर यूपी में भी एसआईआर के तहत पीडीए के वोट काटे जा रहे हैं। सपा ने कार्यकर्ताओं को एसआईआर के तहत एक-एक वोट बनवाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
कानपुर के कैंट विधानसभा के विधायक मोहम्मद हसन ‘रूमी’ की ओर से जाजमऊ के लक्ष्मी गेस्ट हाउस में बीएलए एवं पीडीए प्रहरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद व सपा के राष्ट्रीय सचिव राजाराम पाल शामिल हुए। हसन रूमी समेत सपा के कार्यकर्ताओं ने राजाराम पाल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंच से राजाराम पाल ने कहा कि बिहार में 65 लाख वोट काटे गए और 21 लाख फर्जी वोट बनाकर जल्दबाजी में चुनाव कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिक वोट काटे गए, जिनकी सुनवाई भी नहीं हो पाई। इसी मुद्दे को लेकर अन्य राज्यों में भी एसआईआर का काम जारी है।
राजाराम पाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए प्रहरी, प्रत्येक बूथ पर बीएलए और बूथ अध्यक्ष बनाकर मतदाताओं को जागरूक व सतर्क करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य धोखाधड़ी को रोकना है। इस सम्मेलन का आयोजन कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ किया गया है।
कैंट विधायक हसन रूमी ने कहा कि एसआईआर अभियान पीडीए वर्ग को लक्षित करके चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हर जिले में प्रभारी और पीडीए बीएलए नियुक्त किए हैं। रूमी ने यह भी जानकारी दी कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का दूसरा चरण जल्द शुरू होगा, जिसमें फॉर्म नंबर 6 के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे।
विधायक हसन रूमी ने बताया कि अगले एक महीने के भीतर छावनी विधानसभा के मतदाताओं को जोड़ने का काम पूरा किया जाएगा। इस प्रक्रिया की समीक्षा के लिए ही पीडीए प्रहरी सम्मेलन का आयोजन किया गया है।






