
संवाददाता
कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित कानपुर क्रिकेट लीग का भव्य और रंगारंग शुभारम्भ ग्रीनपार्क स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
लीग का पहला मुकाबला मेजबान ग्रीनपार्क हॉस्टल क्लब और एमयूसी क्लब के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मैच से पूर्व आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस कमिश्नर रघुबीर काल उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह की शुरुआत रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुई, जिसमें पीएसी बैंड द्वारा आकर्षक धुनों की प्रस्तुति प्रमुख रही, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद चांदी के सिक्के से टॉस कराया गया, जो आयोजन की भव्यता का विशेष आकर्षण रहा।
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन तिरंगे रंग के गुब्बारों को आसमान में उड़ाकर किया गया। इसके उपरांत मैच की शुरुआत के लिए पारंपरिक घंटे का नाद किया गया, जो भारतीय खेल परंपराओं का प्रतीक है। समारोह के अंत में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे स्टेडियम देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
मुख्य अतिथि रघुबीर काल का स्वागत कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से संजय कपूर ने किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद ने किया।
इस अवसर पर खेल और प्रशासन से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें एसएन सिंह, विनय आनंद, गोपाल शर्मा, कौशल कुमार, संजय तिवारी, अंकित राजपूत, शशिकांत ख़ांडेकर, राहुल सप्रू, कपिल पांडे, अश्वनी कोहली, अरुण भाटिया सहित प्रमुख लोग शामिल थे।
इस दौरान संघ के चेयरमैन संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और क्रिकेट के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाना है।
उद्घाटन समारोह की भव्यता और अनुशासनपूर्ण आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि आने वाले दिनों में लीग के मुकाबले और भी रोमांचक होंगे।






