
संवाददाता
कानपुर। चकेरी एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने दिल्ली जाने वाली फ्लाइट रोक दी। इंडिगो की फ्लाइट रनवे पर खड़ी थी और यात्रियों को बस से विमान तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया।
कुछ ही पलों में विमान के चारों ओर मधुमक्खियों का झुंड मंडराने लगा। रनवे एरिया में भी बड़ी संख्या में मधुमक्खियां फैल गईं। स्थिति बिगड़ती देख यात्रियों में दहशत फैल गई। पैसेंजर्स के मुताबिक, कुछ मधुमक्खियां विमान के अंदर तक घुस गईं।
डर के कारण यात्री बसों से उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सके। यात्रियों ने बसों के अंदर ही खुद को बंद कर लिया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन हरकत में आया। पूरे रनवे और विमान के आसपास स्प्रे कराया गया। मधुमक्खियों को हटाने में करीब सवा घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
माहौल सामान्य होने के बाद फ्लाइट को उड़ान की अनुमति दी गई। 2:40 बजे जाने वाली इंडिगो की यह फ्लाइट आखिरकार 3:50 बजे 180 पैसेंजर्स के साथ दिल्ली के लिए टेकऑफ कर सकी।
कानपुर से दिल्ली जा रही यात्री ने बताया कि उनको दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। दोपहर 2.40 बजे जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में टिकट बुक की थी। एयरपोर्ट पहुंची तो मौसम खराब होने की वजह से उसका टेकऑफ टाइम बताया गया 3.10 बजे कर दिया गया है।
फ्लाइट जब रनवे पर तैयार हुई तो हम सबको 3 बसों से वहां तक ले जाया जाने लगा। इसी बीच मधुमक्खियों का झुंड अचानक से विमान के आसपास मंडराने लगा। बहुत सारी मधुमक्खियां हमारी बसों को भी घेर लीं। कुछ मधुमक्खियां रनवे पर खड़े प्लेन के अंदर चली गईं।
फ्लाइंग रैंप पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा था। उसी से मधुमक्खियां निकल कर इधर-उधर आ जा रही थीं। डर के मारे सारे पैसेंजर्स ने बस में ही खुद को कैद कर लिया। कोई बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
अचानक से मधुमक्खियों के हमले से एयरपोर्ट प्रशासन हरकत में आया। विमान के अंदर बाहर और रनवे एरिया में स्प्रे किया गया। मधुमक्खियां जब हटा दी गईं तो फिर बसों में बैठे यात्री निकले और विमान में चढ़े।इसके बाद दोपहर बाद करीब 3.50 बजे पैसेंजर्स को लेकर इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भर सकीं।
दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में कई विदेशी पैसेंजर्स भी थे। रनवे पर मधुमक्खियों के हमले का उन लोगों वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि मधुमक्खी फ्लाइट के अंदर नहीं घुसी थी। फ्लाइट के बाहर थी। क्रू मेंबर्स ने उनको भगा दिया था।






