
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के उत्तरीपूरा न्याय पंचायत पूरा के ग्राम पंचायत मदारा राय गुमान के भीखम पुरवा गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पिछले पांच सालों में उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही किसी भी योजना का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीणों रामऔतार, सूरज, अशोक और कमलेश ने बताया कि प्रधान का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, लेकिन गांव में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में न तो सड़कों का निर्माण कराया गया है, न ही आवास योजना का लाभ मिला है और न ही पुलिया का निर्माण हुआ है। पुलिया न होने के कारण ग्रामीणों को कीचड़ से होकर अपने घरों तक पहुंचना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पिछले पांच सालों में न तो ग्राम प्रधान गांव में दिखाई दिए और न ही सचिव। राशन जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी ग्रामीणों को 10 किलोमीटर दूर चक्कर काटकर कोट तक पहुंचना पड़ता है।
इस पूरे मामले पर ग्राम प्रधान चंद्रभान ने बताया कि उन्हें टूटी पुलिया और सड़कों की जानकारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन कार्यों को जल्द ही शुरू कराया जाएगा।






