
संवाददाता
कानपुर। गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल में इन दिनों पैथोलॉजी सेवाओं में अव्यवस्था के चलते मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल का नया पैथोलॉजी लैब बंद होने के कारण उसे अस्थायी रूप से पुरानी पैथोलॉजी मैटरनिटी विभाग में शिफ्ट कर दिया गया है।
अचानक हुए इस बदलाव से पहले ही दिन वहां भारी अव्यवस्था फैल गई। मरीज और उनके परिजन जांच कराने के लिए भटकते रहे, वहीं रजिस्ट्रेशन और सैंपल जमा करने में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला और वरिष्ठ चिकित्सा निरीक्षक डॉ. आरके सिंह ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए तत्काल निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 घंटे के भीतर मरीजों की सुविधा के लिए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
डॉ. काला ने निर्देश दिए कि पैथोलॉजी विभाग के बाहर मरीजों के लिए बड़ा शेड लगाया जाए, ताकि धूप या बारिश में उन्हें परेशानी न हो। साथ ही वहां पर्याप्त पंखे लगाए जाएं। पुराने पैथोलॉजी के जो भी आवश्यक उपकरण और फर्नीचर हैं, उन्हें तत्काल नई जगह पर शिफ्ट करने को कहा गया।
मरीजों की लाइन और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जांच और रजिस्ट्रेशन सुव्यवस्थित ढंग से हो सके।
सबसे अहम निर्देश मरीजों को रिपोर्ट वितरण को लेकर दिए गए। प्राचार्य ने कहा कि मरीज को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। मरीजों की जैसे ही जांच रिपोर्ट तैयार हो, उसे सीधे मरीज के मोबाइल पर भेजा जाए। इससे मरीज का समय और ऊर्जा दोनों बचेंगे।
अस्पताल प्रशासन का दावा है कि अगले 24 घंटे के भीतर नई व्यवस्था लागू हो जाएगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
इसके आलावा मरीजों की सुविधा के लिए हॉल के अंदर दो एसी लगवाए जाएंगे।






