March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में 27 सितम्बर से शुरू हो रही भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की तैयारियां तेज हो गई हैं। जहां खिलाड़ी पिच पर जीत की रणनीति बनाने में जुटे हैं, वहीं उनके ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल लैंडमार्क में पूरा इंतजाम किया गया है। यहां तक की क्रिकेटरों के खाने का मेन्यू भी फाइनल कर दिया गया है। खिलाड़ियों की डाइट का भी विशेष ख्याल रखा जाता है। उनकी मन पसंद डिश खाने में दी जाएगी।
क्रिकेटर्स के रहने और खाने का इंतजाम फाइनल हो गया है। कानपुर में 27 सितंबर को दोनों टीमें पहुंच जाएंगे। इसके चलते दोनों टीमों से बात करके उनके खाने का विशेष इंतजाम किया गया है।ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए खास दावत है। होटल लैंडमार्क में ठहरने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए मेन्यू में चिकन टिक्का, रोस्ट चिकन, मेरिनेटेड चिकन, चना मसाला, टोफू और नान रोटी शामिल हैं। नाश्ते में वे फ्रूट्स, मिक्स दालें और स्टीम वेजिटेबल्स का जायका लेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों की थाली में देसी स्वाद रहेगा। भारत ए टीम को नाश्ते में मल्टीग्रेन डाइट, पास्ता, नारियल पानी, मिक्स जूस, सैंडविच और मिनी पिज्जा परोसा जाएगा। खाने में कबाब, दाल, लहसुनी पालक, ब्लैक दाल, मक्की की रोटी, फिश कबाब, थाई वेज ग्रीन करी और बाजरे की रोटी का आनंद मिलेगा।
कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों को अब बेसब्री से 30 सितम्बर का इंतजार है, जब दोनों टीमें मैदान में उतरकर असली मुकाबले का आगाज करेंगी।