March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
घाटमपुर के पतारा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ई रिक्शा में टक्कर मारते हुए भाग निकला। हादसे में ई रिक्शा सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर ने सभी का प्राथमिक उपचार करके दो को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर बंबा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ई रिक्शा को टक्कर मारते हुए भाग निकला। टक्कर इतनी तेज थी कि ई रिक्शा अनियंत्रित होकर कानपुर सागर हाइवे पर पलट गया। हादसे में  दहिलर गांव निवासी ई रिक्शा चालक अशोक कुमार, इसी गांव के निवासी कामता प्रसाद, सावित्री, करुणेश और महुआपुर निवासी परशुराम घायल हो गए।
राहगीरों ने घटना की सूचना डायल 112 पर फोन करके पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने सबका प्राथमिक उपचार करके गंभीर हालत में कामता प्रसाद और सावित्री को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां दोनों का उपचार जारी है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिली थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।