संवाददाता। कानपुर। नगर में भाजपा नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने लाखन विश्वकर्मा का स्वागत और सम्मान किया। सभी ने मिलकर लाखन विश्वकर्मा का अंगवस्त्र भेंट कर, फूल माले पहनाकर, सर पर पगड़ी सजाकर एवं देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा जी का चित्र देकर स्वागत सम्मान किया। लाखन को 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने दिल्ली में नवनिर्मित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में सम्मानित किया था एवं उनको प्रमाण पत्र भी दिया था। पाल ने कहा कि लाखन के पिताजी और दादाजी भी लोहारी की विधा में ही व्यवसाय करते थे। उन्होंने गुरु शिष्य परंपरा के अंतर्गत ही अपने दादा और पिता से ये काम सीखा। वो लोहे के औजार जैसे फावड़ा, हसिया, तसला, खुरपी आदि बनाते थे। आज श्री लाखन भी इसी का व्यवसाय पिछले पचास सालों से कर रहे हैं और अब इनका बेटा भी यही काम कर रहा है। ऐसे ही सब लोग यदि अपने परंपरागत व्यवसायों को अपनाते रहें और आगे बढ़ाएं तो वो दिन दूर नहीं जब भारत आर्थिक रूप से मजबूत होता जायेगा और फिर से सोने की चिड़िया बनेगा। देश में रोजगार को और बढ़ाने के लिए स्वरोजगार पर जोर देना आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार लगातार स्वरोजगार को बढ़ाने में लगी है। प्रकाश पाल ने कहा कि हमारे मोदी जी दिन रात देश की सेवा में लगे हैं। उनके मन में हर समय देश का आम नागरिक रहता है। वह आम नागरिक के जीवन में सुधार लाने के लिए लगातार योजनाएं ला रहे हैं। हम सभी अपने परंपरागत व्यवसायों को अपनाएं। लाखन देश में सम्मानित होने वाले उत्तर प्रदेश के अकेले कारीगर हैं उसके लिए प्रधानमंत्री जी का सभी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के बारे में एमएसएमई के निदेशक ने बताया कि इस योजना में कुल मिलाकर अट्ठारह व्यवसाय हैं जैसे सुनार, लोहार, मालाकार, बढ़ई आदि। आवेदन प्रक्रिया के बारे में एमएसएमई अधिकारियों ने बताया कि जनसेवा केंद्र या स्वयं से ऑनलाइन पीएम विश्वकर्मा के पोर्टल पर जाना है। वहां ऑनलाइन पंजीकरण कराकर व्यवसाय का प्रशिक्षण लेकर कारीगर व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। प्रशिक्षण के बाद काम शुरू करने के लिए तीन लाख तक का ऋण मिल जायेगा। सरकार ने तीस लाख लोगों को पूरे भारत में इस योजना का लाभ देने का खाका अभी खींचा है। जो भी उत्पाद कारीगर बनाएंगे उनको सरकार के पोर्टल ओएनडीसी के माध्यम से बिकवाने में भी सरकार मदद करेगी। स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रह्मदत्त धुन्नू सिंह ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं परिचय श्याम सिंह सिसौदिया ने रखा। जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी, जयप्रकाश कुशवाहा, मोहित पाण्डेय, विजय सोनी, संजय सिंह चौहान, नीरज पाण्डेय, अशोक मिश्र आदि थे।