
संवाददाता
कानपुर। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपाई प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल तक पहुंच गए। मुख्यालय के बाहर भाजपाई काली तख्ती लेकर पहुंचे और राहुल गांधी शर्म करो, महिलाओं का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान… के नारे लगाए। जिसके बाद कांग्रेसी भी सड़क पर उतर आए और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद भाजपाई व कांग्रेसी एक दूसरे पर टूट पड़े।
महापौर प्रमिला पांडेय, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह समेत अन्य भाजपाइयों की कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जमकर भिड़ंत हुई। हंगामे की सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा।
प्रधानमंत्री पर बिहार में की गई अभद्र टिप्पणी के बाद भाजपा कानपुर उत्तर व दक्षिण ने कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल पर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से करीब 2:30 बजे महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, भाजपा उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, भाजपा दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रीता शास्त्री व जिलाध्यक्ष सरोज सिंह, सीमा पाठक, प्रेमलता, शोभा, बीना सिंह चौहान समेत 100 से अधिक भाजपाई नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय से पैदल प्रदर्शन करते हुए मेस्टन रोड स्थित तिलक हाल के पास पहुंचे कोतवाली चौराहे पर ही उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन भाजपाई प्रदर्शन करते हुए तिलक हाल मोड़ तक पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।
इसके बाद करीब 200 से अधिक कांग्रेसी भी जोश में आ गए और वोट चोर गद्दी छोड़ों के नारे लगाने लगे। दोनों ओर से आधा घंटे तक जोर आजमाइश चलती रही। इसके बाद कांग्रेस-भाजपाइयों में भिड़ंत हो गयी। इस दौरान कांग्रेसी महापौर प्रमिला पांडेय के साथ धक्का मुक्की करने लगे। जिस पर पुलिस ने किसी प्रकार महापौर को समझाने का प्रयास किया और कांग्रेसियों को धक्का देकर पीछे ढकेला।
प्रदर्शन के बाद जब महापौर अपनी कार में बैठकर जाने लगीं तो कांग्रेसी फिर ताली बजा-बजाकर वोट चोर गद्दी छोड़ नारेबाजी करने लगे तो महापौर एक बार फिर कार से नीचे उतर आईं और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के साथ धक्का मुक्की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता की टोपी उछाल दी।
हंगामे की सूचना पर एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा के साथ भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच दीवार बनकर खड़ी हो गई।
कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, हर प्रकाश अग्निहोत्री, कानपुर नगर ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप शुक्ला, नरेश चंद्र त्रिपाठी समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को समझा–बुझाकर तिलक हाल में भेजा, जबकि पुलिस ने महापौर को किसी तरह कार में बिठा कर रवाना किया।
तिलक हाल में भाजपाइयों के द्वारा प्रदर्शन की सूचना पर कई कांग्रेसी लाठी लेकर तिलक हाल पहुंचे थे और तिलक हाल के बाहर जमकर लाठी का प्रदर्शन किया गया। उधर प्रदर्शन के दौरान मात्र दो कांग्रेसी महिलाएं पूजा भारद्वाज एवं रोशनी चौधरी मोर्चा लेने के लिए मौजूद रहीं जो सड़कों पर भाजपाइयों के खिलाफ मोर्चें बंदी किए रहीं।
कानपुर महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस जनों ने भाजपा के लोगों द्वारा तिलक हाल के बाहर की गई अराजकता का गांधीवादी तरीके से जवाब दिया। कांग्रेसजनों ने तय रणनीति अनुसार राम धुन गाते हुए भाजपा के लोगों का जवाब दिया। ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि यह भाजपा की गुंडई और अराजकता की चरम सीमा है। प्रधानमंत्री ने देश को अराजकता में झोंक दिया है, तो उनके कार्यकर्ताओं से क्या अपेक्षा की जा सकती है।
हमारी पार्टी के मंदिर में भाजपाइयों ने महिलाओं को आगे कर गुंडई करने की कोशिश की। जिसको हमारी महिला कांग्रेस की नेताओं ने रोकने का काम किया और भाजपाइयों को लथेड़ दिया।
वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि ये हताश और निराश लोग है, इनकी वोट चोरी राहुल गांधी ने पकड़ ली, बिहार में जिस तरह से जनता का समर्थन वोट चोरी के खिलाफ मिला। इससे बौखलाकर इन्होंने अपने ही अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी से प्रधानमंत्री को गाली दिलाने का काम किया है। जिस तरह से कांग्रेस के मुख्यालय पर हमला किया गया है, यह उनकी हताशा को दर्शाता है।
वहीं महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी की मां को गाली दी गई है। कांग्रेसियों का इतिहास भूगोल मालूम है। ये जो देश जूझ रहा है, यह पंडित जवाहर लाल नेहरू की देन है। अगर सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रधानमंत्री होते तो पाकिस्तान के हिंदुओं की यह दशा न होती। पाकिस्तान में 25 से 30 प्रतिशत हिंदुओं में 2 प्रतिशत हिंदू बचे है। इन कांग्रेसियों से पूछो कि हिंदू कहा गए, वो सबकी मां है, उनको गाली देंगे तो उन्हें फाड़ कर फेंक देंगे।






