June 22, 2026

संवाददाता
कानपुर।
ऑपरेशन महाकाल-2 के तहत शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बेकनगंज पुलिस ने जुआड़ खाने में छापा मारा। पुलिस ने शातिर अपराधी मासूम और नदीम अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लोगों के बीच अपराधियों का भय खत्म करने के लिए कई किलोमीटर तक घुमाकर उनका जुलूस निकाला।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस फोर्स ने हीरामन का पुरवा स्थित मांझे वाली गली में एक खाली मैदान में जुआड़ खाने में छापा मारा। छापे के दाैरान वहां हड़कंप मचने के साथ कई जुआरी भाग निकले।
हालांकि, पुलिस ने कुली बाजार निवासी सरगना मासूम समेत मिश्री बाजार निवासी नदीम अहमद को धर दबोचा। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि जुए की फड़ से पुलिस ने करीब 28 हजार रुपए, ताश की गड्डी व आरोपियों के पास से करीब 4600 रुपए बरामद किए गए है। आरोपी मासूम पर अलग-अलग थानों में कुल 18 मुकदमे दर्ज है। मासूम की दहशत कम करने के लिए पुलिस ने इलाके में उसका जुलूस भी निकाला है।