March 7, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को साढ़ थाने के निर्माणाधीन भवन का औचक निरीक्षण किया। यह परियोजना 7.35 करोड़ रुपये की लागत से 2020 में शुरू हुई थी। इसे 2021 में पूरा होना था। लेकिन चार साल बाद भी सिर्फ 35% काम हुआ है। अभी केवल दूसरी मंजिल की छत का काम चल रहा है।
परियोजना में अब तक 4.87 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के सहायक अभियंता को फटकार लगाई। उन्होंने फरवरी 2026 तक निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परिसर में सिटीजन इंफॉर्मेशन बोर्ड नहीं मिला। जिलाधिकारी ने तुरंत बोर्ड लगाने को कहा। इसी परियोजना में पुलिस कर्मियों के लिए 6.50 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय भवन भी बन रहे हैं। ये भवन लगभग तैयार हैं और जल्द ही हैंडओवर कर दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्माण में गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईंट, सीमेंट, लोहे की छड़ और विद्युत उपकरण मानक के अनुरूप होने चाहिए। कार्यस्थल की नियमित निगरानी की जाए। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।