March 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।
बढ़ते प्रदूषण से पर्यावरण को हो रही हानि के प्रति भले ही सरकार कई कदम उठा रही हो, लेकिन जब तक आम जनमानस इसके लिए जागरूक नहीं होगा तब तक हमारा पर्यावरण शुद्ध नहीं हो सकता।
इस लिए उन्नाव के दो नवयुवकों ने इसका बीड़ा उठाया है। उन्होंने तय किया है की साइकिल से 700 किलोमीटर का सफर तय कर केदारनाथ धाम की यात्रा करेंगे और फिर वापस भी साइकिल से ही आएंगे।
उन्नाव निवासी अनुज गुप्ता टेक्नीशियन है और उनके साथी अखिलेश कुमार का स्टूडियो है। दोनों ही युवकों ने बीती 18 जुलाई को अपनी यह यात्रा शुरू करी है। वर्तमान समय में दोनों साथी रायबरेली पहुंच गए हैं।
दोनों युवकों ने कहा कि हम लोगों ने तय किया है कि 10 दिन के अंदर केदारनाथ धाम तक पहुंचना है। रोज कितने किलोमीटर साइकिल चलानी है। यह कुछ भी डिसाइड नहीं है, जब तक हिम्मत रहेगी तब तक साइकिल चलाते रहेंगे जब थक जाएंगे तो वहीं पर रुक कर आराम कर लेंगे।
अनुज ने बताया कि यह पूरा सफर लगभग 1400 से 1500 किलोमीटर के बीच का है। इस पूरे सफर को 25 दिनों के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
अखिलेश बताते हैं कि पूरे उन्नाव जिले में ऐसा कोई भी नहीं है जिसने अभी तक साइकिल से ऐसी कोई यात्रा की हो। हम लोग पहले ऐसे युवक हैं जो केदारनाथ तक साइकिल से यात्रा करेंगे और वापस भी साइकिल से ही आएंगे।
उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पूर्व हम लोग ट्रेन से केदारनाथ की यात्रा के लिए निकले थे, उस समय हम लोगों ने सोचा था कि अगली बार साइकिल से इस यात्रा को पूरा करेंगे, भले ही कितना भी समय क्यों ना लगे।
अनुज गुप्ता कहते हैं कि हम लोग 3 दिन के अंदर रायबरेली पहुंच चुके हैं। यहां तक आने के बाद अब हम लोगों का हौसला और ज्यादा बढ़ गया है। अभी तक तो लग रहा था की कैसे यह यात्रा पूरी करेंगे, लेकिन अब लग रहा है कि यह यात्रा जरूर पूरी होगी।