
संवाददाता
कानपुर। किदवई नगर चौराहा पर एक रईसजादे ने अपनी लग्जरी कार से एक मजदूर को उड़ा दिया। मजदूर घटना में गम्भीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में पुलिस मौके पर मौजूद थी। कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किदवई नगर पुलिस के मुताबिक गाड़ी के चालक की जानकारी जुटाई जा रही है। मजदूर के परिवार के बारे में पता किया जा रहा है।
किदवई नगर चौराहा के पास कई मजदूर सड़क पर ही सोते हैं। रामकुमार नाम का मजदूर भी अन्य लोगों के साथ सो रहा था। इसी दौरान चौराहा पर आई लग्जरी जगुआर कार सवार ने राम कुमार को उड़ा दिया। वो दूर जाकर गिरा।
वहां पर पुलिस पहले से मौजूद थी। पुलिस ने दौड़कर कार को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं दरोगा आफताब घायल रामकुमार को ऑटो में लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां पर राम कुमार को एडमिट कराया गया।
दरोगा के मुताबिक रामकुमार की हालत गम्भीर है। उसके मुंह से खून आ रहा था। डाक्टर उसका इलाज करने में लगे हैं। वो मजदूरी करता है। उसके परिवार का पता नहीं चल पाया है। उनके बारे में भी पता किया जा रहा है। पता मिलते ही परिवार को सूचित कर दिया जाएगा।
पुलिस की जांच में पता चला है कि लग्जरी कार का पंजीकरण 25 जनवरी 2018 को हुआ था। इसका बीमा 19 फरवरी 2025 को समाप्त हो चुका है। कार को एचडीएफसी बैंक से फाइनेंस कराया गया था। पुलिस के मुताबिक कार पनकी स्थित एक उद्योग के नाम पर पंजीकृत है। उनसे सम्पर्क किया जा रहा है।