
संवाददाता
कानपुर। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री ने एक भाजपा नेता पर लूट और मारपीट के आरोप लगाए हैं। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। मामले में भाजपा नेता अभिनव दीक्षित पर जातिसूचक शब्दों और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।
मंडल महामंत्री अमन सोनकर ने पूरे मामले में जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल को पत्र लिखकर शिकायत की है। इसके बाद अमन ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, अनुसूचित जाति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है।
इस मामले में अभिनव दीक्षित ने बताया कि अमन से मेरा कोई विवाद नहीं है। भाजपा में मंडलों के चुनाव होने हैं, इसलिए राजनैतिक प्रतिद्वंदिता के चलते अमन से ऐसा कराया जा रहा है। सभी आरोप पूरी तरह से निराधार हैं।
जयप्रकाश नगर कच्ची बस्ती निवासी अमन सोनकर भाजपा युवा मोर्चा में मंडल महामंत्री हैं। उन्होंने भाजपा के पदाधिकारी पर अपने साथियों के साथ घर में घुसकर गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही घर से मोबाइल और कैश लूटने की भी बात कही।
पार्टी के नेताओं के समझौता करा देने के बाद आरोपित पक्ष ने अमन का मोबाइल और कैश लौटा दिया। इसके बावजूद भी आरोपित पदाधिकारी अमन के साथ जाति सूचक गाली-गलौज करके उसे जान से मारने की लगातार धमकी दे रहा है। मामले में मंडल महामंत्री ने पुलिस से भी शिकायत की है।
मामले में दोनों पक्ष भाजपा के पदाधिकारी हैं, और पहले अच्छे दोस्त थे। अमन ने बताया कि 24 अक्टूबर 2024 को झगड़े के बाद मेरे घर पर भाजपा नेता द्वारा हमला किया गया था। एक पक्ष ने दूसरे पर दलित उत्पीड़न का मुकदमा लिखाया तो समझा बुझाकर वापस करा दिया गया। इसके बाद दूसरे पक्ष ने गुंडाएक्ट की कार्रवाई करा दी। पार्टी नेताओं ने किसी तरह गुंडाएक्ट भी खत्म कराया।
अमन ने बताया कि उसके घर पर बांस बल्ली का काम है। कुछ दिन पहले उसके घर सादे कपड़ों में कुछ लोग पहुंचे। उन लोगों ने उसकी मां से उसके और ड्रग्स के बारे में पूछताछ की। यह सुनकर उसके दादा की तबीयत बिगड़ गई। अब अमन ने पूरे मामले में क्षेत्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे मामले को लेकर शिकायत की है।






